बरहपुरा हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

भागलपुर: इशाकचक थाना क्षेत्र के बरहपुरा में हुई हत्या और शव को जमीन में दफनाने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में घटना से जुड़े अहम सुराग सामने आए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो ई-रिक्शा चालक बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार चाकू, रस्सी और गड्ढा खोदने में प्रयुक्त खंती बरामद की है। पुलिस इन बरामद सामानों को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मान रही है।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के क्रम में एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है। पुलिस ने उसके कुछ परिजनों से भी पूछताछ की है।
इशाकचक थाना पुलिस के अनुसार, हत्याकांड की जांच तेजी से चल रही है। पुलिस हत्या के कारण और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जल्द ही मामले का आधिकारिक खुलासा किए जाने की बात कही गई है।
