News Ang Bihar: भागलपुर जिला के इशाकचक थाना क्षेत्र के बरहपुरा स्थित जगन्नाथ बाड़ी में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डॉ. महशरुल कलाम उर्फ बाबुल डॉक्टर की बाउंड्री के समीप जमीन के नीचे एक व्यक्ति की दफन लाश बरामद हुई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

जमीन के नीचे दफन लाश

जानकारी के अनुसार, बाउंड्री के पास ताजी मिट्टी खुदी होने और दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। सूचना मिलते ही इशाकचक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। दंडाधिकारी की मौजूदगी में गड्ढे की खुदाई कर शव को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की विशेष टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव के साथ आसपास की मिट्टी से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

मजिस्ट्रेट व पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शव यहां कब और किन परिस्थितियों में दफन किया गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही जिले और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि शव कहीं और से लाकर यहां दफन किया गया हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि मामले की तकनीकी जांच कराई जा रही है।

घटना की जानकारी देते पार्षद प्रतिनिधि व अन्य

वहीं वार्ड 33 के पार्षद प्रतिनिधि शौकत अली उर्फ बंटी ने घटना पर चिंता जताते हुए गहन जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *