समाहरणालय के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रशासन ने कार्रवाई के दिए संकेत

भागलपुर: कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर सोमवार को भागलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला समाहरणालय के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के पहुंचने पर समाहरणालय का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद बाहर कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ समेत कई नारे लगाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व भागलपुर कांग्रेस प्रभारी राहुल सिंह चौहान ने किया। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि प्रदर्शन के दौरान किसी बड़े उपद्रव की सूचना नहीं है।
वहीं, सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर वहां से भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन से पहले प्रशासन को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सूचना या आवेदन नहीं दिया गया था। ऐसे में लागू नियमों और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई के संकेत भी प्रशासन की ओर से दिए गए हैं।
गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर 22 सितंबर से भागलपुर समेत 14 जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू है, जो 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी।
