UPI पर MDR के विरोध में 2 अक्टूबर को “NO UPI DAY”, मोबाइल दुकानदार नहीं स्वीकार करेंगे UPI भुगतान

2 अक्टूबर को “NO UPI DAY”

ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) बिहार ने UPI भुगतान पर लागू किए गए Merchant Discount Rate (MDR) के विरोध में 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन पूरे देश में “NO UPI DAY” मनाने का आह्वान किया है। इस दिन आंदोलन में शामिल मोबाइल व्यापारी UPI भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे और अपने प्रतिष्ठानों पर लगे QR Code को काले कपड़े से ढककर सांकेतिक एवं शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।
AIMRA के अनुसार, नए UPI ढांचे के तहत ₹2,000 से अधिक के पात्र व्यापारी लेन-देन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू किया गया है। मोबाइल व्यवसाय में अधिकांश लेन-देन ₹2,000 से अधिक होने के कारण इसका सीधा असर मोबाइल और अन्य उच्च मूल्य वाले खुदरा व्यापार पर पड़ेगा। संगठन का दावा है कि देशभर के करीब 1.5 लाख मोबाइल व्यापारियों पर सालाना लगभग ₹500 करोड़ का अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ सकता है।
ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) के बिहार प्रदेश महासचिव कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि मोबाइल व्यापारियों ने डिजिटल भुगतान और UPI को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यदि डिजिटल भुगतान स्वीकार करने पर व्यापारियों को अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा, तो इससे डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के उद्देश्य पर असर पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से UPI पर Zero MDR व्यवस्था जारी रखने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन UPI या Digital India के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यापारियों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक भार के विरोध में है।

Syed inam uddin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *