News Ang Bihar: भागलपुर जिले में अवैध खनन और बिना चालान खनिज परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह हबीबपुर थाना क्षेत्र के हबीबपुर चौक के समीप जिला खनन अधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान अवैध बालू लदे दो ओवरलोड ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इलाके में सक्रिय कई बालू कारोबारी और माफिया कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए।

खनन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग की टीम जब्त ट्रैक्टरों के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बिना वैध चालान खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।