News Ang Bihar: भागलपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 40 अंतर्गत हुसैनपुर में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 6 की ओर जाने वाली सार्वजनिक गली अतिक्रमण, जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रही है। स्थानीय लोग लंबे समय से बदहाल व्यवस्था से परेशान हैं। आरोप है कि गली में बाँस, ठेला, निजी सामान और जर्जर ऑटो-रिक्शा खड़े रहने से आवागमन बाधित है।
अधिवक्ता सादिया फ़िरदौसी ने नगर निगम प्रशासन को आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि नालियां क्षतिग्रस्त हैं और ढक्कन टूटे होने से हादसे का खतरा बना हुआ है। जलभराव और कचरे के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा है।
सादिया फ़िरदौसी के मुताबिक, मेयर और नगर निगम प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि शिकायतों के बाद भी आखिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी और जलभराव से वे त्रस्त हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन को मानो कोई लेना-देना ही नहीं है। उन्होंने नगर आयुक्त से स्थल निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने, सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

