News Ang Bihar: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था को लेकर शनिवार शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कुणाल पांडे समेत कई कार्यकर्ता विभिन्न मांगों को लेकर कुलपति आवास पहुंचे और अपनी समस्याएं कुलपति के समक्ष रखीं। इससे पहले गेट नहीं खोले जाने पर छात्र नेताओं ने नारेबाजी की।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय के छात्रावासों की स्थिति जर्जर है और लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि करीब 25 दिनों से छात्रावास बाढ़ के पानी से घिरे हैं। पीजी छात्रावास में पानी कमरों तक पहुंचने से छात्राओं को परेशानी हुई। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन दिया गया, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

एबीवीपी ने कुलपति को 5 दिन का अल्टीमेटम देते हुए समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। मौके पर विश्वविद्यालय थाना की पुलिस भी पहुंची।